सुल्तानपुर आदमपुर में बाबा सैयद सुल्तान शाह के उर्स में शामिल अकीदतमंदों की भीड़
लक्सर। हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र स्थित सुल्तानपुर आदमपुर गांव में बाबा सैयद सुल्तान शाह का सालाना उर्स बड़े ही श्रद्धा, अकीदत और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। उर्स के अवसर पर दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों अकीदतमंदों ने दरगाह पर चादरपोशी कर देश में अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक और धार्मिक माहौल देखने को मिला।
उर्स कार्यक्रम के दौरान दरगाह परिसर में सुबह से ही जायरीनों की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। लोगों ने बाबा की मजार पर फूल और चादर अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं की दुआ मांगी। श्रद्धालुओं का मानना है कि बाबा सैयद सुल्तान शाह की दरगाह पर सच्चे मन से मांगी गई हर दुआ कबूल होती है।
उर्स के मौके पर वरिष्ठ समाजसेवी आजम भारती के नेतृत्व में जीकेटी ट्रस्ट द्वारा विशाल लंगर का आयोजन किया गया। लंगर में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। ट्रस्ट के मुख्य प्रबंधक इकराम साबरी और गद्दीनशीन शमशेर अली की देखरेख में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पानी और अन्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई थी। देर रात तक जायरीनों के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।

कार्यक्रम में ज्वालापुर से पहुंचे सूफी संतों और कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश कर माहौल को पूरी तरह रूहानी बना दिया। कव्वाली और सूफी संगीत सुनकर श्रद्धालु झूम उठे। सूफी संतों द्वारा की गई दुआओं और रूहानी शिफाओं में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
उर्स मेले में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बैठने, पानी और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार मेले क्षेत्र में गश्त करती नजर आई, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उर्स कार्यक्रम में खिदमतगुजार सज्जादा गद्दीनशीन शमशेर अली, एडवोकेट आजम भारती, जीकेटी अध्यक्ष इकराम साबरी, तालिब, सद्दाम, जावेद, जद, जुली, आयूब, फैजान अली, एडवोकेट वाजिद पटवारी, जैद आलम सहित कई स्थानीय लोगों का विशेष सहयोग रहा।
यह भी पढ़ें–ऑपरेशन प्रहार में गंगनहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तमंचे संग वांछित आरोपी गिरफ्तार…
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
