हरित हरिद्वार अभियान को लेकर मेला नियंत्रण भवन में आयोजित बैठक में मौजूद अधिकारी और सामाजिक संगठन
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार को पर्यावरण अनुकूल और हराभरा बनाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा शुरू की जा रही ‘हरित हरिद्वार’ पहल को व्यापक जनसमर्थन मिलने लगा है। मेला अधिकारी एवं हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की उपाध्यक्ष श्रीमती सोनिका की पहल पर प्रस्तावित इस विशेष वृक्षारोपण अभियान को लेकर सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े समूहों में उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा है।
मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन में अभियान की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अभियान के नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने की। इस दौरान करीब चार दर्जन गैरसरकारी एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। सभी संगठनों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी आधारित पर्यावरणीय पहल बताया और प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बैठक में आगामी मानसून सत्र के दौरान बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों और सामाजिक संगठनों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रह जाए, बल्कि पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी तय की जाए। इसके लिए समाज के विभिन्न वर्गों को आगे आकर जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि वृक्षारोपण को सिर्फ औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि जनआंदोलन का रूप देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित रखना और बड़ा करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। यदि समाज के सभी वर्ग इस अभियान से जुड़ते हैं तो हरिद्वार को हराभरा और पर्यावरण अनुकूल बनाने का लक्ष्य आसानी से पूरा किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि गैरसरकारी संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और धर्मार्थ संगठन इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। प्रशासन की मंशा है कि लोग इस अभियान से व्यक्तिगत जुड़ाव महसूस करें और अपने आसपास लगाए गए पौधों की देखभाल स्वयं करें। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि स्थानीय पर्यावरण और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुसार विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए संबंधित विभागों और स्थानीय नागरिकों की राय भी ली जाएगी, ताकि लगाए गए पौधे लंबे समय तक सुरक्षित रह सकें और पर्यावरण को वास्तविक लाभ मिल सके।
अधिकारियों ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे। ऐसे में शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। ‘हरित हरिद्वार’ अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

बैठक में माँ मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी दिगंबर महंत राजगीरी महाराज, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह, परियोजना निर्देशक नलिनीत घिल्डियाल, एचआरडीए के उद्यान अधिकारी जे.आर. जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल, जिला प्रोविजन अधिकारी अविनाश भदौरिया, उप प्रभागीय अधिकारी पूनम कैंथोला, राजाजी टाइगर रिजर्व के वार्डन अजय लिंगवाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दीपक कुमार सहित कई विभागों के अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें–बाबा सैयद सुल्तान शाह के उर्स में उमड़ी अकीदतमंदों की भारी भीड़…
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
