ऋषिकेश अस्पताल में उपचार के दौरान भर्ती चार मासूम बच्चे।
ऋषिकेश, 13 मई 2026। ऋषिकेश के ढालवाला स्थित महंत प्लॉट क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक ही परिवार के चार मासूम बच्चों ने खेल-खेल में चूर्ण समझकर चूहे मारने की दवा खा ली, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों की हालत खराब होते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई और सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। समय पर इलाज मिलने से सभी बच्चों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार बच्चों के पिता भज राम भट्ट ने बताया कि बुधवार दोपहर परिवार के सदस्य किसी काम से बाजार गए हुए थे। घर पर केवल बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान बच्चों की दादी द्वारा घर में तैयार किया गया चूहे मारने का चूर्ण एक डिब्बे में रखा हुआ था। खेलते समय बच्चों ने डिब्बा खोल लिया और उसे खाने वाला चूर्ण समझकर खा लिया।
बताया गया कि बच्चों ने करीब एक से डेढ़ चम्मच तक वह जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। किसी बच्चे को उल्टी होने लगी तो किसी को चक्कर आने लगे। परिजन जब घर लौटे और बच्चों की हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में सभी बच्चों को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत बच्चों का उपचार शुरू किया। डॉ. संतोष पंथ ने बताया कि प्राथमिक उपचार के दौरान बच्चों के शरीर से जहर निकाल दिया गया है। फिलहाल सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार जल्द ही बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में भी चिंता का माहौल है। डॉक्टरों ने अभिभावकों से अपील की है कि घरों में जहरीले पदार्थ, दवाइयां और केमिकल बच्चों की पहुंच से दूर रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें–बंटवारे के विवाद में भिड़े दो पक्ष, 4 लोग पुलिस हिरासत में…
