बहादरपुर जट गांव में विवाद के बाद कार्रवाई करती थाना पथरी पुलिस।
हरिद्वार, 13 मई 2026। थाना पथरी पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है। मामला ग्राम बहादरपुर जट का है, जहां बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की स्थिति बन गई।
पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 को थाना पथरी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बहादरपुर जट में दो पक्ष आपसी बंटवारे को लेकर झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि काफी समझाने के बावजूद दोनों पक्षों के लोग शांत नहीं हुए और आपस में बहस व झगड़ा जारी रहा।
स्थिति को देखते हुए पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई, लेकिन वहां भी मामला शांत नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक थाने में भी दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ने लगे और मारपीट पर उतारू हो गए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नितेश पुत्र मेघराज, मेघराज पुत्र फूल सिंह, सोनू पुत्र मेघराज और संजू पुत्र मेघराज निवासी ग्राम बहादरपुर जट, थाना पथरी हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। किसी भी व्यक्ति को शांति व्यवस्था भंग करने या कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस ने लोगों से आपसी विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक महेन्द्र पुंडीर, कांस्टेबल ब्रह्मदत्त जोशी, कांस्टेबल अजीत तोमर और कांस्टेबल रविन्द्र बिष्ट शामिल रहे।
यह भी पढ़ें– बैंक में नौकरी, खातों में सेंध… अब पुलिस के शिकंजे में आरोपी…
