ऋषिकेश में चंपावत दुष्कर्म मामले को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता।
चंपावत में नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर गुरुवार को ऋषिकेश में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कोयलघाटी तिराहा पर एकत्र होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महिला सुरक्षा को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरव राणा ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार के कार्यकाल में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चंपावत में भाजपा नेता पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भाजपा के कई नेताओं पर महिला उत्पीड़न और अन्य गंभीर आरोप लग चुके हैं, जिससे पार्टी का असली चेहरा जनता के सामने आ रहा है।
युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष रवि थापा और महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में भी अब तक पीड़ित परिवार को पूरा न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े कई लोगों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और सरकार मामले को दबाने का प्रयास करती रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध सरकार की विफलता को दर्शाते हैं।
प्रदर्शनकारियों ने दुष्कर्म के आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि पीड़िता को जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि एनएसयूआई और युवा कांग्रेस लगातार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेगी और न्याय की लड़ाई लड़ती रहेगी।
प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस सनी प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष विशाल स्नेह, पूर्व प्रदेश महासचिव सौरभ वर्मा, पूर्व छात्रसंघ महासचिव माधवेंद्र मिश्र, छात्रसंघ महासचिव अभिषेक कुमार त्रिसूलिया, छात्रसंघ उपाध्यक्ष आयुष तड़ियाल, मानव रावत, शिवानी नेगी, सृष्टि, रेहान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें–झबरेड़ा में हो-हल्ला कर रहा युवक पुलिस हिरासत में, कार्रवाई शुरू
