श्यामपुर रेंज में टाइगर शावकों की हत्या मामले का निरीक्षण करते वन मंत्री सुबोध उनियाल।
रिपोर्टर जतिन
हरिद्वार, 20 मई 2026। श्यामपुर रेंज में हाल ही में नर और मादा टाइगर शावकों की हत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। इस गंभीर घटना को लेकर उत्तराखंड सरकार भी सख्त नजर आ रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन मंत्री सुबोध उनियाल ने मंगलवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली।
वन मंत्री के साथ राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि भी मौके पर मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने श्यामपुर रेंज पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और वन विभाग के अधिकारियों से घटना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व वन गुर्जरों द्वारा टाइगर के नर और मादा शावकों की हत्या किए जाने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद वन विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और सरकार वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूरे प्रकरण की गहन जांच कराई जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वन संपदा और वन्यजीव प्रदेश की पहचान हैं। ऐसे में टाइगर जैसे दुर्लभ वन्यजीवों की हत्या अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। सरकार वन्यजीव संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और जंगलों में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।\

वन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही जंगल क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए वन विभाग को मजबूत रणनीति के साथ काम करना होगा।
इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी अनिरुद्ध स्वप्निल (IFS), एसडीओ पूनम कैंथोला, रेंजर विनय कुमार राठी सहित कई वन अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंत्री को घटनास्थल की स्थिति और अब तक की कार्रवाई से अवगत कराया। श्यामपुर रेंज में हुई इस घटना के बाद वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में कोई भी वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने की हिम्मत न कर सके।
यह भी पढ़ें–खानपुर पुलिस का एक्शन, कच्ची शराब तस्कर गिरफ्तार…
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
