हरिद्वार में खाद्य विभाग की छापेमारी करते अधिकारी
हरिद्वार, 17 अप्रैल 2026।
चारधाम यात्रा के मद्देनज़र जनपद हरिद्वार में श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि जनपद में संचालित होटल, ढाबों, दुकानों और रेस्टोरेंट्स में नियमित रूप से छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट या ओवररेटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी ने जानकारी दी कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड सचिन कुर्वे और जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में चारधाम यात्रा 2026 को लेकर विशेष अभियान जारी है। इसी क्रम में 17 अप्रैल को खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा द्वारा रोड़ी बेलवाला, ज्वालापुर और सीतापुर क्षेत्रों में करीब 10-12 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान 3 प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 55 के तहत नोटिस जारी किए गए। साथ ही सभी दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस और फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए, जिसमें विभाग का टोल फ्री नंबर भी प्रदर्शित करना होगा।
वहीं, रुड़की और भगवानपुर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार द्वारा विभिन्न होटल और रेस्टोरेंट्स का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और पानी की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कर्मचारियों को फोस्टेक (FoSTaC) प्रशिक्षण दिलाने पर भी जोर दिया गया, जिस पर सभी कारोबारियों ने सहमति जताई।
प्रशासन ने साफ किया है कि चारधाम यात्रा 2026 के दौरान इस तरह की कार्रवाई पूरे जनपद में लगातार जारी रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन मिल सके।
यह भी पढ़ें–चारधाम यात्रा हेतु पंजीकरण केंद्र तैयारियां तेज, एडीएम निरीक्षण…
