हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा होटल और ढाबों में निरीक्षण करते अधिकारी
हरिद्वार। चारधाम यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरिद्वार प्रशासन ने मिलावटखोरों और ओवररेटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिलेभर में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में संचालित होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमित जांच अभियान चलाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुरक्षित एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट या अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। चारधाम यात्रा और गर्मी के मौसम को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए होटल, ढाबों, निर्माण इकाइयों और फुटकर खाद्य विक्रेताओं का निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने हर की पैड़ी, खड़खड़ी, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में संचालित अस्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंट, ढाबों और डेयरियों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की गई।
निरीक्षण अभियान के दौरान प्रयोगशाला जांच के लिए पनीर, दूध और तैयार खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की मिलावट या मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इस दौरान आम लोगों से प्राप्त शिकायतों का भी मौके पर निस्तारण किया। अधिकारियों ने दुकानदारों और होटल संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री का उपयोग करने और निर्धारित दरों पर ही सामान बेचने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता है कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे जनपद में लगातार निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई जारी रखी जाए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन और श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि यदि कहीं मिलावटी खाद्य पदार्थ, खराब गुणवत्ता का सामान या ओवररेटिंग की शिकायत मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें–ऊर्जा संरक्षण के लिए छात्र-छात्राएं बने युवा ऊर्जा राजदूत …
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
