हरिद्वार में छात्र-छात्राएं बने युवा ऊर्जा राजदूत, ऊर्जा संरक्षण का दिया संदेश
हरिद्वार। विश्व पर्यावरण दिवस से पूर्व जनपद हरिद्वार में ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिक्षा विभाग हरिद्वार और उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को “युवा नवीनीकरण ऊर्जा राजदूत” के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम “लाइफ स्टाइल फॉर एनवायरमेंट : प्रकृति पहल” अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें जनपद हरिद्वार के छह विकासखंडों के विद्यालयों ने भाग लिया। जागरूकता अभियान के तहत विद्यालय स्तर पर क्विज प्रतियोगिता, निबंध लेखन, नारा लेखन और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों ने विकासखंड स्तर पर हिस्सा लिया। विकासखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भेल सेक्टर-1 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में चयनित प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, मेडल और ट्रॉफी देकर “युवा नवीनीकरण ऊर्जा राजदूत” घोषित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी बहादराबाद भीकम सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ उरेडा के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी युद्धवीर सिंह बिष्ट, जूनियर इंजीनियर शिल्पी, आयोजन स्थल के नोडल प्रधानाचार्य परमपाल सिंह तथा कार्यक्रम के जनपद नोडल अधिकारी राजेश राय भी मौजूद रहे।
विभिन्न विकासखंडों से चयनित छात्राओं में बहादराबाद विकासखंड से कुमारी निशिका, कुमारी मिस्बाह, कुमारी मोमिना और कुमारी आरुषि रावत शामिल रहीं। भगवानपुर विकासखंड से जैनब, कुमारी महिमा गुप्ता और कुमारी मुस्कान ने प्रतिभाग किया। वहीं खानपुर विकासखंड से कुमारी अक्षिता भाटी, कुमारी वंशिका चौधरी और कुमारी आशु को युवा ऊर्जा राजदूत के रूप में सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि भीकम सिंह ने छात्र-छात्राओं को ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी यदि अभी से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाएगी तो भविष्य सुरक्षित और स्वच्छ बनाया जा सकता है।

विशिष्ट अतिथि युद्धवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण मानव जीवन की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने अपने विचारों और प्रस्तुतियों के माध्यम से ऊर्जा बचाने का जो संदेश दिया है, वह बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में यही युवा उत्तराखंड को ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और स्वच्छ जीवनशैली से जुड़े संदेश भी प्रस्तुत किए। बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों और उत्साह ने कार्यक्रम को प्रेरणादायक बना दिया। अंत में कार्यक्रम के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए नोडल अधिकारी राजेश राय की सराहना की गई और सभी चयनित ऊर्जा राजदूतों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
यह भी पढ़ें–ऑपरेशन प्रहार में कनखल पुलिस का बड़ा एक्शन, दो हुड़दंगी गिरफ्तार…
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
