सिडकुल हरिद्वार की कंपनी में श्रमिकों के साथ भोजन करते श्रम विभाग के अधिकारी।
रिपोर्टर जतिन
हरिद्वार, 20 मई 2026। सिडकुल हरिद्वार क्षेत्र में श्रमिकों की समस्याओं को समझने और औद्योगिक माहौल को बेहतर बनाने के उद्देश्य से श्रम विभाग ने एक अनूठी पहल की। सहायक श्रम आयुक्त प्रशान्त कुमार ने श्रम प्रवर्तन अधिकारियों के साथ एक कंपनी की कैन्टीन में श्रमिकों के साथ बैठकर भोजन किया और उनकी समस्याओं को सुना।
इस दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्रीमती मीनाक्षी भट्ट और अनिल कुमार पुरोहित भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने श्रमिकों के साथ भोजन करते हुए न केवल उनकी कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की बल्कि कैन्टीन में उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया।
सहायक श्रम आयुक्त प्रशान्त कुमार ने बताया कि यह पहल जिलाधिकारी हरिद्वार, श्रम आयुक्त और उप श्रम आयुक्त हरिद्वार के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। इसका उद्देश्य श्रमिकों और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी चरणबद्ध तरीके से सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में आकस्मिक निरीक्षण किए जाएंगे। इन निरीक्षणों के दौरान अधिकारी श्रमिकों के साथ कैन्टीन में भोजन करेंगे, उनसे संवाद स्थापित करेंगे और उनकी समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में काम करेंगे। अधिकारियों ने श्रमिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि वेतन, सुविधाओं या किसी अन्य प्रकार की समस्या हो तो उसकी लिखित शिकायत श्रम कार्यालय रोशनाबाद में प्रस्तुत करें, ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके।
श्रम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में सिडकुल हरिद्वार क्षेत्र में औद्योगिक शांति पूरी तरह कायम है और सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों में उत्पादन कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। अधिकारियों का मानना है कि श्रमिकों के साथ सीधे संवाद से न केवल समस्याओं का समाधान आसान होगा बल्कि औद्योगिक संबंध भी और मजबूत होंगे।
यह भी पढ़ें–खानपुर पुलिस का एक्शन, कच्ची शराब तस्कर गिरफ्तार…
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 9536109323 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।
