कुंभ 2027 निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक करती मेला अधिकारी सोनिका।
हरिद्वार, 13 मई 2026। आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। मेला अधिकारी सोनिका ने बुधवार को मेला नियंत्रण भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी निर्माण कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कुंभ मेला 2027 से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इसमें सड़क निर्माण, पुल, घाटों का विकास, जलापूर्ति योजनाएं, विद्युतीकरण, आंतरिक मार्गों का सुधार और चौराहों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल रहे। मेला अधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महाआयोजन है, इसलिए सभी विभाग युद्धस्तर पर कार्य करते हुए समय पर तैयारियां पूरी करें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन कार्यों को वर्षाकाल या अन्य कारणों से समय पर पूरा करना संभव नहीं है, उन प्रस्तावों को तत्काल वापस लिया जाए ताकि जरूरी और महत्वपूर्ण योजनाओं पर पूरा फोकस किया जा सके। उन्होंने कहा कि केवल उन्हीं परियोजनाओं पर कार्य किया जाए जिन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जा सके।
बैठक के दौरान मेला अधिकारी ने कम प्रगति वाले विभागों को कड़ी चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, उनकी जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही वित्त नियंत्रक को निर्देश दिए गए कि जिन विभागों द्वारा तेजी से कार्य किया जा रहा है, उन्हें योजनाओं की दूसरी किश्त समय पर जारी की जाए।
मेला अधिकारी सोनिका ने रेलवे और बस स्टेशनों के विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और सौंदर्यीकरण को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कुंभ क्षेत्र के सभी रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों का स्वरूप एक समान और आकर्षक दिखाई देना चाहिए। इसके लिए एचआरडीए के वास्तुविदों के माध्यम से मॉडल डिजाइन तैयार कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह, वित्त नियंत्रक लखेन्द्र गौंथियाल, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, यूपीसीएल और एचआरडीए सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि कुंभ 2027 को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ तेजी से कार्य करना होगा।
यह भी पढ़ें–बंटवारे के विवाद में भिड़े दो पक्ष, 4 लोग पुलिस हिरासत में…
