हरिद्वार में आयोजित पंजाब नेशनल बैंक के Mega Agriculture Outreach Program में किसानों को कृषि ऋण योजनाओं की जानकारी देते बैंक अधिकारी।
हरिद्वार, 08 मई 2026।
आज दिनांक 08 मई 2026 को “Punjab National Bank” द्वारा पूरे भारतवर्ष में “Mega Agriculture Outreach Program” का आयोजन किया गया। इसी क्रम में हरिद्वार जनपद के विभिन्न विकास खंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें किसानों को कृषि ऋण एवं बैंकिंग योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
हरिद्वार जिले के बहादराबाद ब्लॉक में आत्मलपुर बोंगला शाखा, लक्सर ब्लॉक में लक्सर शाखा, नारसन ब्लॉक में मंगलौर शाखा तथा भगवानपुर ब्लॉक में भगवानपुर शाखा में मेगा एग्रीकल्चर आउटरीच कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के दौरान किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), कृषि यंत्रीकरण, डेयरी, पशुपालन एवं अन्य कृषि आधारित ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में लगभग 209 लाभार्थियों को कुल लगभग ₹38 करोड़ के कृषि ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए गए। बहादराबाद ब्लॉक के आत्मलपुर बोंगला शाखा में आयोजित कार्यक्रम में बहादराबाद के खंड विकास अधिकारी (BDO) श्री मानस मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से किसानों की आय में वृद्धि होगी तथा गांवों के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में मंडल प्रमुख श्री रंजन प्रकाश ने सभी ब्लॉकों में व्यक्तिगत रूप से सहभागिता करते हुए पीएनबी टीम का उत्साहवर्धन किया। वहीं इंडियन बैंकर्स एसोसिएशन/Lead Bank Office हरिद्वार से श्री दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल हरिद्वार ही नहीं बल्कि पूरे देश के जिलों एवं ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर सहायक जिला कृषि अधिकारी श्री राजकुमार ने किसानों को सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी। पंजाब नेशनल बैंक की ओर से मुख्य प्रबंधक दैछीन पल्मों, मुख्य प्रबंधक श्री अतुल मोहन गुप्ता एवं मुख्य प्रबंधक श्री गोपाल ने बैंक की कृषि एवं वित्तीय योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बैंक की योजनाओं के प्रति सकारात्मक रुचि दिखाई। बैंक अधिकारियों ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने, समय पर ऋण भुगतान करने तथा डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का अधिक उपयोग करने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें–ऑपरेशन प्रहार के तहत पिरान कलियर में पुलिस का बड़ा एक्शन…
