कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत मनसा देवी मार्ग और हरकीपैड़ी क्षेत्र का निरीक्षण करती मेलाधिकारी सोनिका।
हरिद्वार, 8 मई 2026।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में आधारभूत विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने शुक्रवार को मनसा देवी मंदिर परिसर, मंदिर के पैदल मार्ग तथा हरकीपैड़ी से लालतरो पुल तक चल रहे गलियों के सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मनसा देवी पैदल मार्ग के सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के साथ सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
मेलाधिकारी ने मंदिर परिसर में प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत शहर की आधारभूत संरचनाओं को मजबूत एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान परियोजना क्रियान्वयन इकाई, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
मेलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि गलियों के सुधार कार्यों के साथ जल निकासी व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पैदल मार्गों एवं सार्वजनिक सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाए ताकि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मनसा देवी मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में इस क्षेत्र का व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप श्रद्धालुओं के अनुभव को और बेहतर बनाएगा। साथ ही निर्माण कार्य इस प्रकार किए जाएं कि हरिद्वार की पारंपरिक एवं सांस्कृतिक पहचान सुरक्षित बनी रहे।
मेलाधिकारी ने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे फसाड सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मनसा देवी जाने वाले प्रमुख मार्ग पर भवन अग्रभाग (फसाड) सौंदर्यीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए।

उन्होंने कहा कि फसाड सौंदर्यीकरण कार्यों के अंतर्गत भवनों एवं मार्गों को धार्मिक और सांस्कृतिक विषयवस्तु के अनुरूप विकसित किया जाए ताकि हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान और प्रभावी रूप में सामने आ सके। कुंभ मेला-2027 को दिव्य, भव्य और स्वच्छ स्वरूप देने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों, घाटों और सार्वजनिक स्थलों का समग्र विकास किया जा रहा है।
मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सौंदर्यीकरण कार्यों में स्थायित्व एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही रंगाई-पुताई, सजावटी कार्यों, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सौंदर्यीकरण गतिविधियों में एकरूपता बनाए रखते हुए धार्मिक नगरी की गरिमा के अनुरूप कार्य किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान आमजन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कार्यस्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा अनावश्यक अवरोधों को हटाने के लिए नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रवीण कुश, परियोजना प्रबंधक परियोजना क्रियान्वयन इकाई लोक निर्माण विभाग सहित वन विभाग एवं हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें–फायरिंग मामले में फरार आरोपी को गंगनहर पुलिस ने दबोचा…
