हरिद्वार। थाना श्यामपुर क्षेत्र में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। ताजा मामले में हाईवे पर हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस ने एक शराबी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 मार्च 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि चंडीघाट चौकी से पहले हाईवे पर चार कारों की आपस में टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
मौके पर जांच के दौरान एक बलेनो कार का चालक संदिग्ध हालत में पाया गया। पुलिस द्वारा उसे मेडिकल जांच के लिए जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया, जहां रिपोर्ट में शराब के सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी चालक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत हिरासत में लेकर उसकी कार को सीज कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, अन्य वाहन स्वामियों या घायलों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी की पहचान ललित राठी पुत्र दयानंद राठी, निवासी अलीपुर, तहसील सोहना, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सुभाष चंद, हेड कांस्टेबल विकास भट्ट और कांस्टेबल नीरज बिष्ट की टीम शामिल रही।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें– हरिद्वार में बाबा पर जानलेवा हमला: फरार महिला आरोपी गिरफ्तार, पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे…
