काशीपुर-रामनगर हाईवे बदहाल: कांग्रेस का प्रदर्शन, सड़क निर्माण की मांग तेज
काशीपुर। काशीपुर-रामनगर हाईवे की बदहाल स्थिति को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर आक्रोशित कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र सड़क निर्माण की मांग उठाई। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अलका पाल और एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव अनुपम शर्मा ने किया। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि काशीपुर-रामनगर हाईवे की लगभग 30 किलोमीटर सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग जिम कॉर्बेट पार्क को जोड़ता है, बावजूद इसके सरकार इसकी सुध नहीं ले रही है, जो विकास के दावों की पोल खोलता है।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा केवल विकास के नाम पर दिखावा कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही हाईवे की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।
यह भी पढ़ें– कुंभ 2027 तैयारियों की समीक्षा, देरी पर सख्त कार्रवाई…
