रानीपुर हरिद्वार में चैन स्नैचिंग केस का खुलासा, गिरफ्तार आरोपी और बरामद सोने की चेन व चाकू
रानीपुर (हरिद्वार)। पाश कॉलोनी शिवालिक नगर में हुई चैन लूट की घटना का हरिद्वार पुलिस ने महज 21 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर रानीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गैंग के सदस्य को दबोचकर उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन का हिस्सा और अवैध चाकू बरामद किया है।
घटना 23 मार्च 2026 की है, जब शिवालिक नगर निवासी सत्यशील वत्स ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी मेडिकल स्टोर (शील फार्मेसी) पर रात करीब 8 बजे दो युवक बाइक से पहुंचे। एक युवक बाहर बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा ग्राहक बनकर दुकान में आया और मौका पाकर झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके बाद 25 मार्च को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बहादराबाद स्थित बीएचईएल तिराहे के पास से आरोपी अनमोल गर्ग (24) निवासी गांधी नगर, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से लूटी गई चेन का आधा हिस्सा, एक अवैध फोल्डिंग चाकू और 200 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथी आशीष उर्फ पगला निवासी बुराड़ी, दिल्ली के साथ मिलकर विभिन्न राज्यों में लूट और चैन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता रहा है। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए इस तरह के अपराध करते हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि घटना से पहले आरोपियों ने शिवालिक नगर क्षेत्र में रैकी की थी और फिर मेडिकल स्टोर संचालक को निशाना बनाया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अनमोल गर्ग पूर्व में हत्या के मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें–हरिद्वार में अवैध शराब पर कार्रवाई: ज्वालापुर पुलिस ने 2 तस्कर पकड़े, 104 पव्वे बरामद…
