
अल्मोड़ा में महिला कांग्रेस सेवादल का संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर आयोजित
अल्मोड़ा । उत्तराखंड कांग्रेस सेवादल की महिला विंग द्वारा रविवार को नगर के एक होटल में एक दिवसीय संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर और कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस “संगठन श्रजन-निर्माण सहयोगी प्रशिक्षण शिविर” में कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों से सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शोभा जोशी ने की।
इस आयोजन का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाना तथा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की विचारधारा और संगठनात्मक संरचना से परिचित कराना था।
राष्ट्रीय प्रशिक्षकों ने दिया वैचारिक मार्गदर्शन
प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय सचिव विष्णु शर्मा एवं राष्ट्रीय प्रशिक्षक व कुमाऊं मंडल प्रभारी राजेन्द्र चन्द्र दुर्गापाल ने विभिन्न विषयों पर महिला कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कांग्रेस सेवादल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संगठन की संरचना, ध्वजवंदन की विधि, राष्ट्रीय ध्वज और कांग्रेस ध्वज का महत्व, एवं स्वतंत्रता संग्राम में सेवादल की भूमिका को विस्तार से समझाया।
उनका कहना था कि आज के सामाजिक और राजनीतिक परिवेश में कांग्रेस सेवादल की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर प्रदेश भर में निरंतर आयोजित किए जाएंगे और संगठन विस्तार की गति को और तेज किया जाएगा।
विधायक मनोज तिवारी ने किया शुभारंभ
शिविर की शुरुआत क्षेत्रीय विधायक मनोज तिवारी द्वारा ध्वज वंदन के साथ की गई। उन्होंने कांग्रेस सेवादल की ऐतिहासिक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक सौहार्द और एकता को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें संगठन का मजबूत स्तंभ बताया।
विचारधारा पर केंद्रित रही कार्यशालाइसके बाद आयोजित कार्यशाला में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और गांधीवादी नेता गोविंद सिंह कुंजवाल ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज़ादी की लड़ाई में कांग्रेस की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आज भी देश को बांटने की साजिशों के खिलाफ खड़े हों और कांग्रेस की समावेशी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।
—
प्रमाण पत्र वितरण और उत्साहजनक सहभागिता
शिविर के समापन पर प्रशिक्षण प्राप्त महिला कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। यह क्षण कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक रहा और उन्होंने भविष्य में संगठन के लिए अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी, प्रदेश प्रशिक्षक लावण्य पंत, महिला सेवादल जिलाध्यक्ष दीपा सिंह, महानगर अध्यक्ष राशि बनकोटी, महानगर उपाध्यक्ष रेनू देवी, जिला उपाध्यक्ष सरस्वती रोडिया, सेवादल के जिला मुख्य संगठक दिनेश नेगी, प्रदेश सचिव महेश आर्य, वरिष्ठ सेवादली पारितोष जोशी, कांग्रेस नेता दीवान सिंह सतवाल, एनडी पांडे, पार्षद मधु बिष्ट सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।
यह भी पढ़ें 👉 देह व्यापार का अड्डा बना गेस्ट हाउस, पुलिस की छापेमारी में पकड़े गए 5 लोग आपत्तिजनक हालत में…