कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा, देरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। मेलाधिकारी सोनिका ने विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण और व्यवस्थागत कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान मेलाधिकारी ने कुंभ मेला से जुड़े अस्थायी और स्थायी कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों के आगणन शीघ्र प्रस्तुत करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रस्तावित बजट पूरी तरह तर्कसंगत और आवश्यक हो। उन्होंने विशेष रूप से वर्ष 2021 के कुंभ मेले में उपयोग की गई सामग्री का अधिकतम पुनः उपयोग करने पर जोर दिया, ताकि अनावश्यक खर्च से बचा जा सके।
सोनिका ने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक पखवाड़े में होने वाली इन बैठकों में अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता स्तर के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी, जो अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
इसके अलावा, उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण करें और गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। अपर मेलाधिकारी और उप मेलाधिकारी को भी निर्देश दिए गए कि वे स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन करें और समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
मेलाधिकारी ने निर्माण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों को लगातार सक्रिय रखने और श्रमिकों की उपस्थिति तथा कार्य प्रगति की दैनिक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता नियंत्रण के लिए थर्ड पार्टी एजेंसियों द्वारा नियमित निरीक्षण कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही तुरंत सामने आ सके।
सीसीआर-2 भवन निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए दो पालियों में काम कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बड़ी परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए और हर हाल में निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, मनजीत सिंह गिल, टेक्निकल सेल और पीआईयू के अधिशासी अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि कुंभ मेला-2027 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य रूप से आयोजित किया जाए, जिसके लिए सभी विभागों को अभी से पूरी गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें– हरिद्वार में फर्जी जमानतियों पर सख्त कार्रवाई, 4 गिरफ्तार…
