भगवानपुर में चेकिंग के दौरान पुलिस ने चाकू सहित संदिग्ध को पकड़ा
भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान का असर देखने को मिला है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है, जो किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को कोतवाली भगवानपुर पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुहाना क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवाराम पुत्र चेतराम के रूप में हुई है, जो वर्तमान में आरोग्यम अस्पताल करौंदी, भगवानपुर में रह रहा था और मूल रूप से थाना नूरपुर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की मंशा से क्षेत्र में घूम रहा था।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में लेकर उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और आरोपी से पूछताछ कर अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल मनीष धपोला और कांस्टेबल संजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की सतर्कता और सक्रियता के चलते एक संभावित घटना को समय रहते टाल दिया गया। हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह चेकिंग अभियान लगातार जारी है, जिसका उद्देश्य अपराधों पर नियंत्रण और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें-ईद-उल-फितर को लेकर बुग्गावाला थाना में बैठक, शांति बनाए रखने की अपील…
