सिडकुल पुलिस द्वारा पकड़ा गया वाहन चोर और बरामद ई-रिक्शा
हरिद्वार,
थाना सिडकुल पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखते हुए चेकिंग अभियान के दौरान एक वाहन चोर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया ई-रिक्शा भी बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिडकुल पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
दिनांक 30 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम IMC चौक के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ई-रिक्शा को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दुर्गेश पुत्र राजकुमार, निवासी ग्राम सिगापुर खास, थाना बंडा, जनपद शाहजहांपुर (हाल निवासी रोशनाबाद, थाना सिडकुल) बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने एक दिन पूर्व रात्रि में झंडा चौक, रोशनाबाद से ई-रिक्शा चोरी किया था और उसे झाड़ियों में छुपा दिया था। वह रात में उसे बेचने की योजना बना रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया ई-रिक्शा (UK08-TB-2534) बरामद कर लिया है। इस संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 169/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें–गंगनहर पुलिस ने वाहन चोर पकड़कर दो मोटरसाइकिल बरामद की…
