हरिद्वार में आपदा प्रबंधन बैठक के दौरान अधिकारी चर्चा करते हुए
हरिद्वार, 29 अप्रैल 2026।
जनपद हरिद्वार में आपदा से निपटने की तैयारियों को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में सभी तहसीलों के तहसीलदारों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक गूगल मीट के माध्यम से संपन्न हुई, जिसमें आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में तहसील स्तर पर आपदा प्रबंधन की तैयारियों, बाढ़ प्रबंधन, इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (IRS/IRT), तहसील कंट्रोल रूम, राहत केंद्रों की व्यवस्था, बाढ़ चौकियों की स्थापना, त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) की सक्रियता तथा खोज एवं बचाव उपकरणों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। इसके साथ ही हीट वेव (लू) और ग्रीष्मकालीन आपदाओं से निपटने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों को निर्देशित किया कि आपदा कार्ययोजना को समय-समय पर अपडेट रखा जाए और इंसिडेंट रिस्पांस टीम को सक्रिय बनाए रखा जाए। उन्होंने तहसील स्तर के कंट्रोल रूम में पर्याप्त स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी आवश्यक खोज एवं बचाव उपकरणों का निरीक्षण कर उन्हें पूरी तरह क्रियाशील रखा जाए। जिन उपकरणों या संसाधनों की कमी है, उनकी मांग तीन दिन के भीतर प्रस्तुत की जाए, ताकि समय रहते उन्हें उपलब्ध कराया जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने संचार व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया और कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में तहसील स्तर से तत्काल सूचना जिला आपदा कंट्रोल रूम तक पहुंचाई जाए। इससे त्वरित प्रतिक्रिया संभव होगी और जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकेगा।
इसके अतिरिक्त पूर्व चेतावनी प्रणाली को सक्रिय रखने, आपदा मित्रों तथा अन्य आपदा प्रबंधन टीमों को प्रशिक्षित करने और समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित की जाए, ताकि आपात स्थितियों में बेहतर समन्वय और तत्परता सुनिश्चित हो सके।
बैठक के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्रीमती मीरा रावत ने पिछले वर्ष के अनुभव साझा किए और आपदा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
यह भी पढ़ें–रानीपुर पुलिस ने झगड़ा करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया…
