रानीपुर पुलिस द्वारा झगड़ा करने वाले दो आरोपियों को हिरासत में लेते हुए
हरिद्वार, 29 अप्रैल 2026।
जनपद हरिद्वार में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस ने असामाजिक तत्वों और शांति भंग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 अप्रैल 2026 की रात पुलिस को राम वाटिका, जमालपुर खुर्द क्षेत्र में झगड़े की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही कोतवाली रानीपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां दो व्यक्ति आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे और क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों व्यक्तियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने समझाइश के बावजूद झगड़ा जारी रखा। स्थिति को गंभीर देखते हुए और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने दोनों को धारा 170 बीएनएस के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सचिन पुत्र अनिल, निवासी तितरवाला थाना मण्डावर जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी राम वाटिका जमालपुर खुर्द रानीपुर हरिद्वार (उम्र 25 वर्ष) और सुनील पाल पुत्र रामवीर सिंह, निवासी ग्राम गरोण्डा थाना गरोण्डा जिला करनाल (हरियाणा), वर्तमान निवासी राम वाटिका जमालपुर खुर्द कोतवाली रानीपुर हरिद्वार (उम्र 32 वर्ष) के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें कांस्टेबल कुलदीप सिंह और कांस्टेबल सुरेंद्र तोमर शामिल रहे। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल हुई है और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के झगड़े या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे।
यह भी पढ़ें–रानीपुर पुलिस ने छापेमारी में वारंटी को घर से गिरफ्तार किया…
