हरिद्वार में गैस कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, 18 कम वजन सिलेंडर जब्त
हरिद्वार में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और घटतौली के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला पूर्ति विभाग की टीम ने रोशनाबाद क्षेत्र में छापेमारी कर 18 गैस सिलेंडर कम वजन के पाए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है और वितरण के दौरान घटतौली की जा रही है। इसी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को सख्त निर्देश दिए थे कि ऐसे मामलों में लगातार छापेमारी कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि भारत सरकार के आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत प्राकृतिक गैस (आपूर्ति विनियमन) आदेश 2026 के अनुपालन में टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान रोशनाबाद स्थित मैसर्स सत्य इंडेन गैस सर्विस के दो वाहनों को नवोदय नगर चौक पर गैस वितरण करते हुए पकड़ा गया।
निरीक्षण टीम ने दोनों वाहनों को रुकवाकर जांच की, जिसमें वाहन संख्या UK-08-CB-0180 और UK-08-CB-7564 में कुल 68 घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए। जब सभी सिलेंडरों का वजन किया गया तो उनमें से 18 सिलेंडर मानक से कम वजन के निकले। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 18 सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया और उन्हें श्री बालाजी भारत गैस सर्विस, शिवालिक नगर की सुपुर्दगी में दिया गया।
इस मामले में दोनों वाहन चालकों—विकास कुमार और नवीन कुमार—के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही गैस एजेंसी संचालक को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
इस कार्रवाई में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी देवचंद, पूर्ति निरीक्षक प्रकाश और पूर्ति निरीक्षक अरुण सैनी की अहम भूमिका रही। टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी जांच प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से अंजाम दिया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या घटतौली किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी ऐसे मामलों में लगातार छापेमारी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा की जा सके और बाजार में पारदर्शिता बनी रहे।
यह भी पढ़ें–रानीपुर में पुलिस का सत्यापन अभियान, 16 मकान मालिकों पर कार्रवाई…
