रानीपुर में पुलिस का सत्यापन अभियान, 16 मकान मालिकों पर कार्रवाई
रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर सघन सत्यापन अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को रानीपुर पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में व्यापक स्तर पर चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस टीम द्वारा संजयनगर टिबड़ी, साईं धाम कॉलोनी, विष्णुलोक कॉलोनी, रामधाम कॉलोनी, सलेमपुर तथा औद्योगिक क्षेत्र में घर-घर जाकर बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, घरेलू सहायकों और मजदूरों का सत्यापन किया गया।
अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई और उनकी पहचान सुनिश्चित की गई। इस अभियान में कुल 40 व्यक्तियों का मौके पर सत्यापन किया गया। वहीं बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले 16 मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹1,60,000 के कोर्ट चालान किए गए। इस कार्रवाई से क्षेत्र में मकान मालिकों के बीच जागरूकता बढ़ी है और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की गंभीरता भी सामने आई है।

पुलिस अधिकारियों ने सभी मकान मालिकों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने किरायेदारों, घरेलू नौकरों और अन्य बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं। उन्होंने बताया कि यह कदम क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बेहद जरूरी है। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में पुलिस टीम ने सक्रियता और सतर्कता के साथ कार्य किया। पुलिस का कहना है कि इस तरह के सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे अपने आसपास रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को दें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। इस अभियान के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें–ज्वालापुर में रात में पुलिस का एक्शन, दो चाकूधारी गिरफ्तार…
